मंडल के कार्यालयों में प्रत्येक बुधवार को हिंदी कार्य दिवस के रूप में मनाया जाए परमानंद शर्मा मंडल रेल प्रबंधक
आसनसोल(अमन राय): मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा की अध्यक्षता में आज अर्थात 13.12.2022 को 'मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न हुई। सर्वप्रथम राजभाषा अधिकारी डाॅ. मधुसूदन दत्त ने समिति- सचिव के रूप में उपस्थित अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश कुमार मीना एवं शाखा अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि चरणबद्ध रूप से संसदीय राजभाषा समिति का निरीक्षण चल रहा है। एक माह के भीतर ही चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना में उनका राजभाषा विषयक निरीक्षण निर्धारित है। निकट भविष्य में मंडल कार्यालय में भी उनका आगमन हो सकता है। अतः हमलोगों को अपने अधिक-से-अधिक
कार्यालयीन कार्यों को हिंदी माध्यम से निपटाने पर जोर देना आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त हिंदी भाषा प्रशिक्षण के लिए शेष बचे कार्मिकों को प्रशिक्षण लेने के लिए नामित किया जाना आवश्यक है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश कुमार मीना ने अपने अभिभाषण में संदेश दिया कि 'क' क्षेत्र के रेल कार्यालयों में अधिकतम सरकारी काम-काज हिंदी माध्यम से निपटाए जा रहे हैं। इसलिए हिंदी भाषी क्षेत्र में अवस्थित रेल कार्यालयों या राज्य सरकार के कार्यालयों के साथ हिंदी में पत्राचार करने की आवश्यकता है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में आह्वान किया कि आप लोगों हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए थोड़े गंभीर बनें। आप लोगों की छोटी-सी पहल से भी बड़े सुखद परिणाम मिलेंगे।
आप लोग अपने विभागीय स्तर पर निदेश जारी कीजिए कि ' प्रत्येक बुधवार को हिंदी कार्य- दिवस के रूप में मनाया जाए। बुधवार को अधिकतम सरकारी काम-काज हिंदी माध्यम से निपटाए जाएँ। अनुरोध मूलक आवेदनों को हिंदी में प्रस्तुत करने और उस पर अधिकारी/प्रभारी की अभ्युक्ति हिंदी में दिए जाने की कार्य-संस्कृति विकसित की जाए।'
मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा के निदेशों का तत्वरित अनुपालन प्रारंभ हो गया है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री सरोज कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/ओपी श्री अमल कृष्ण डिंडा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री सन्नी विश्वजीत, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी श्री खुर्शीद अहमद,, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री शशि भूषण सिंह , वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक श्री जे.ताल्लुकदार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री राहुल राज ,मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरएस श्री कौशिक पान
मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ओ एंड एफ ले.ऋषभ चौधरी,मंडल वित्त प्रबंधक श्री प्रवीण कुमार,निजी सचिव श्री आशीष भट्टाचार्य , हिंदी प्राध्यापक/हिंदी शिक्षण योजना श्री दीपक साव आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक के सफल आयोजन में राजभाषा विभाग के सर्वश्री दिलीप कुमार पासवान, पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता,संजय राउत,मंजूदेवी श्रीवास्तव आदि का सक्रिय योगदान रहा ।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?